रात में पैदल लौट रहे किसान को अज्ञात वाहन ने कुचला, सुबह हाईवे किनारे मिला शव

रविवार रात स्टेट हाईवे-15 पर एक किसान घर लौट रहा था। अंधेरा, खाली सड़क और कोई साधन नहीं। तभी तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सुबह उसका शव हाईवे किनारे मिला।

दमोह। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के झलौन-तेंदूखेड़ा मार्ग पर रविवार रात एक किसान की जिंदगी सड़क पर खत्म हो गई। 55 वर्षीय भगवानदास गौड़, जो दिनभर धान की दराई का काम निपटाकर घर लौट रहे थे, देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।

परिजनों के मुताबिक, भगवानदास गौड़ ट्रैक्टर से झलौन गांव गए थे। काम खत्म होने के बाद उन्होंने धान घर भिजवा दिया, लेकिन शाम के बाद कोई साधन नहीं मिलने पर वे पैदल ही बगदरी स्थित अपने घर के लिए निकल पड़े।

रात का सन्नाटा, स्टेट हाईवे-15 और तेज रफ्तार वाहन… तिपनी चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। घायल किसान को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

सुबह राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी रावेन्द्र बागरी के अनुसार, यह हिट एंड रन का मामला है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी है।