इंदौर। शहर के द्वारकापुरी इलाके में 10 फरवरी को हुई 25 वर्षीय MBA छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी, छात्रा का क्लासमेट और कथित प्रेमी पीयूष धनोतिया, को गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी फरार होने के बाद लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
गोवा में मोबाइल सिग्नल से हुआ भंडाफोड़
पुलिस जांच अधिकारी गोकुल मालवीय ने बताया कि हत्या के बाद से फरार पीयूष की लोकेशन गोवा में मिली थी। वहां उसने मृतका का मोबाइल फोन चालू कर उसका इस्तेमाल किया, जिससे पुलिस को उसके ठिकाने का सुराग मिला। घेराबंदी के बाद पुलिस ने उसे गोवा से महाराष्ट्र जाने वाली एक ट्रेन से दबोच लिया।
हत्या के बाद भेजा था चौंकाने वाला मैसेज
घटना के दिन यानी 10 फरवरी की रात करीब 8 बजे हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने कमरे से फरार हो गया। रात 11 बजे के करीब उसने छात्रा के मोबाइल फोन से ही उसकी बहन को एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था- “पापा से कहना अब वह घर नहीं लौटेगी।” इस मैसेज के बाद से परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
11 आपत्तिजनक वीडियो किए वायरल
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी ने हत्या के बाद दोनों के बीच के 11 आपत्तिजनक वीडियो पहले कॉलेज के आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में शेयर किए। इसके बाद उसने युवती के वॉट्सऐप स्टेटस पर भी ये वीडियो अपलोड कर दिए और उसके फोन में सेव सभी नंबरों पर भेज दिए, जिससे परिजनों और रिश्तेदारों में हड़कंप मच गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी का मकसद युवती को बदनाम करना था।
पड़ोसियों की सूचना पर कमरे से मिला था शव
गौरतलब है कि तीन दिन से लापता छात्रा का शव 10 फरवरी को ही उसके क्लासमेट पीयूष के किराए के कमरे से बरामद हुआ था। कमरे के बाहर ताला लटका हुआ था। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान मालिक की मदद से ताला खुलवाया तो अंदर छात्रा का शव निर्वस्त्र हालत में बिस्तर पर पड़ा मिला।
रिश्ते को लेकर था विवाद, परिवार में मातम
परिजनों के मुताबिक, युवती अपने परिवार को पीयूष के बारे में बताने वाली थी, लेकिन वह कहती थी कि जब आरोपी का परिवार इस रिश्ते के लिए राजी होगा, तभी वह सबको बताएगी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि पीयूष इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहता था और यही हत्या की सबसे बड़ी वजह बनी। इस पूरी घटना से छात्रा का परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलने के बाद से उसकी छोटी बहन की तबीयत बिगड़ गई है और वह कई बार बेहोश हो चुकी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
