देवरान पंचायत उपचुनाव: फर्जी जाति प्रमाण की वजह से गया सरपंच का पद, देखिए अब कौन जीता!

दमोह। जिले की पथरिया तहसील के अंतर्गत देवरान ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में वंदना मुकेश पटेल ने धमाकेदार जीत हासिल की है। बीते दिन 2 जनवरी 2026 को इस उपचुनाव के परिणाम घोषित हुए। जिसमें वंदना मुकेश पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 149 वोटों की मजबूत बढ़त बनाई।

उपचुनाव के नतीजे

वंदना मुकेश पटेल — 590 वोट (विजेता) 
रुबी दांगी — 441 वोट 
NOTA — 14 वोट

आमने-सामने की थी टक्कर

कुल 1045 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। इस उपचुनाव में केवल दो प्रत्याशी ही मैदान में थे, जिससे मुकाबला सीधा और रोचक रहा। वंदना मुकेश पटेल की जीत को ग्रामीणों ने विकास और पारदर्शिता के पक्ष में माना जा रहा है।

फर्जी जाति प्रमाण पत्र बना उपचुनाव की वजह

यह उपचुनाव इसलिए जरूरी पड़ा क्योंकि मूल निर्वाचित सरपंच संगीता सिंह का चुनाव फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर रद्द कर दिया गया था।  देवरान ग्राम पंचायत का सरपंच पद महिला पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित था।

इसी आधार पर संगीता सिंह ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। लेकिन चुनाव के तुरंत बाद प्रतिद्वंद्वी बबली (पति दीपेंद्र) ने शिकायत दर्ज की कि संगीता सिंह सामान्य वर्ग से हैं और उन्होंने फर्जी OBC प्रमाण पत्र बनवाकर आरक्षण का गलत फायदा उठाया। 

पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया ने पंचायत निर्वाचन नियम 1995 की धारा 21 के तहत जांच शुरू की। संगीता सिंह को 14 दिनों के भीतर वैध पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र पेश करने का निर्देश दिया गया, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाईं। 

जांच में हुए थे चौंकाने वाले खुलासे

संगीता सिंह मूल रूप से छतरपुर जिले के डोंगरपुर गांव की निवासी हैं। उनका पूरा परिवार सामान्य वर्ग से आता था। इन तथ्यों के आधार पर एसडीएम ने संगीता सिंह का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया था।